वॉयस ऑफ़ ए टू जेड न्यूज़:-मुलायम सिंंह यादव के निधन के बाद खाली हुई मैनपुरी लोकसभा सीट पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। वैसे तो तीनों सीटों पर ही सपा और भाजपा की टक्कर है। पर इस सीट पर मुलायम सिंह यादव की बहू डिंंपल यादव और भाजपा के रघुराज सिंह शाक्य के बीच कांटे का मुकाबला होगा। यूपी की मैनपुरी लोकसभा सीट के साथ ही रामपुर और खतौली विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान आज सुबह सात बजे से जारी है। सुबह पारा 10 से 12 डिग्री के बीच होने की वजह से मतदान केन्द्रों पर सन्नाटा पसरा रहा लेकिन जैसे ही धूप चढ़ी वोटोरों की भीड़ उमड़ पड़ी। मैनपुरी लोकसभा सीट पर डिंपल यादव की भाजपा के रघुराज शाक्य से टक्कर है। रामपुर विधानसभा सीट पर 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां भी सपा और भाजपा के बीच कांटे का मुकाबला है। मैनपुरी और रामपुर सीट पर सपा की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। वहीं कांग्रेस और बसपा ने इस चुनाव में अपने प्रत्याशी नहीं उतार रहे हैं और न ही किसी को समर्थन की घोषणा की।
मुझे पूरा विश्वास है कि सपा मैनपुरी उपचुनाव जीतेगी- डिंंपल यादव
सपा उम्मीदवार डिंपल यादव ने कहा मुझे पूरा विश्वास है कि सपा मैनपुरी उपचुनाव जीतेगी, लोगों को एहसास हो गया है कि भाजपा गलत तरीके से चुनाव लड़ रही है, इसलिए चुनाव परिणाम आने के बाद उन्हें इसका जवाब मिलेगा।
सपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेता को पीटा
रामपुर में सपा कार्यकर्ताओं ने नेशनल पब्लिक स्कूल में भाजपा नेता बाकर खां की पिटाई कर दी। इस मामले में उन्होंने पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ला से शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने मतदान अभिकर्ता बने सपा कार्यकर्ता को गिरफ्तार कर लिया। महिलाओं पर भी पीटने का आरोप लगाया, जबकि महिलाओं का कहना था कि उन्हें वोट डालने नहीं दिया जा रहा है। उनकी मदद करने के बजाय पुलिस उल्टा उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है।